जम्मू-कश्मीर की महत्वाकांक्षी जोजिला टनल परियोजना ने एक नया इतिहास रच दिया है। निर्माण कार्य के दौरान टनल के दोनों छोरों को सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया है. जिसे इंजीनियरिंग की भाषा में 'ब्रेकथ्रू' कहा जाता है. यह उपलब्धि परियोजना के निर्माण में एक बड़ा और महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है.

जोजिला टनल श्रीनगर और लेह के बीच संपर्क को मजबूत बनाने वाली सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से एक है। वर्तमान में भारी बर्फबारी के कारण जोजिला दर्रा सर्दियों में कई महीनों तक बंद रहता है, जिससे लद्दाख का सड़क संपर्क प्रभावित होता है। टनल के निर्माण के बाद सालभर निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा।
परियोजना के पूरा होने से श्रीनगर और लेह के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके अलावा सेना की आवाजाही. पर्यटन. व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। रणनीतिक दृष्टि से भी यह टनल भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

विशेषज्ञों के अनुसार यह टनल आधुनिक इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण होगी। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। टनल के दोनों छोर जुड़ने के बाद अब फिनिशिंग, सुरक्षा प्रणालियों और अन्य तकनीकी कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.


केंद्र सरकार का मानना है कि यह परियोजना जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास को नई गति देगी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आवागमन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी पहले से अधिक सुगम हो जाएगी.
