भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार ऑलराउंडर और ‘सिक्सर किंग’ के नाम से मशहूर युवराज सिंह एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़ सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार युवराज सिंह को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कोचिंग स्टाफ में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है.
युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने 2007 टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाकर विश्व क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई थी। इसके अलावा 2011 वनडे विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन ने भारत को विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
यदि युवराज सिंह दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग सेटअप से जुड़ते हैं तो टीम के युवा खिलाड़ियों को उनके अनुभव का बड़ा फायदा मिल सकता है.युवराज लंबे समय तक IPL में विभिन्न फ्रेंचाइजियों का हिस्सा रहे हैं और लीग का व्यापक अनुभव रखते हैं.
हालांकि दिल्ली कैपिटल्स या युवराज सिंह की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस खबर को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और सोशल Media पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है.
अगर यह नियुक्ति होती है तो IPL में युवराज सिंह की वापसी भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी बड़ी खबर से कम नहीं होगी.उनके अनुभव और मार्गदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स की टीम को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.