इंसानियत और बहादुरी की मिसाल पेश करने वाली एक घटना गोमती नदी के किनारे देखने को मिली, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति नदी में डूब रहा था. आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण कोई भी सीधे पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था.

इसी दौरान एक युवक ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी.बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में युवक खुद भी नदी की धारा में फंस गया और कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि वह भी डूब सकता है। लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और संघर्ष करते हुए बुजुर्ग तक पहुंच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को संभाला और धीरे-धीरे किनारे की ओर लेकर आया। इस दौरान किनारे पर मौजूद लोगों ने भी मदद की और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक की जमकर सराहना की। सोशल मीडिया पर भी इस साहसिक कार्य की चर्चा हो रही है और लोग युवक को असली हीरो बता रहे हैं.
आज के दौर में जहां लोग अक्सर अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं, वहीं इस युवक ने किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने के लिए अपनी जान तक जोखिम में डाल दी. यह घटना न सिर्फ बहादुरी बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी बेहतरीन उदाहरण है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे जांबाज़ युवाओं को सम्मानित किया जाना चाहिए ताकि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे और दूसरों को भी जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा मिले.