उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान एक विवादित घटना सामने आई है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक क्रेन से एक कार को हवा में लटकाया गया, जिसके बाद उसमें ब्लास्ट किया गया। वायरल वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि कार पर "ले फिर आ गए" लिखा हुआ था. इसके अलावा दो युवक लाल झंडे लहराते हुए भी नजर आए.

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने जुलूस आयोजक शोएब खान, लाल झंडा लहराने वाले तालीम खान, जाहिद खान तथा क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें.

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा.