18 करोड़ का स्टेडियम फंसा! रेलवे ने बंद किया रास्ता, 40% काम पूरा होने के बाद सामने आई बड़ी चूक

Date: 2026-06-20
news-banner

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे खेल स्टेडियम की परियोजना एक गंभीर तकनीकी और प्रशासनिक चूक के कारण मुश्किलों में घिर गई है। जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन के किनारे लगभग 72 बीघा सरकारी भूमि पर स्टेडियम का निर्माण कार्य चल रहा था और परियोजना का करीब 40 प्रतिशत काम भी पूरा हो चुका है.

6a3625f71d5f01781933559.png

बताया जा रहा है कि परियोजना की DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के दौरान स्टेडियम तक पहुंचने के लिए रेलवे की भूमि को ही रास्ते के रूप में दर्शा दिया गया। निर्माण कार्य शुरू होने और काफी आगे बढ़ जाने के बाद रेलवे विभाग ने अपनी भूमि के उपयोग पर आपत्ति जताते हुए वहां दीवार खड़ी कर दी, जिससे स्टेडियम तक पहुंचने का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया.

अब स्थिति यह है कि करोड़ों रुपये की लागत वाली परियोजना तक पहुंचने के लिए कोई वैध रास्ता उपलब्ध नहीं है. प्रशासन के सामने सबसे बड़ा विकल्प आसपास के किसानों की भूमि का अधिग्रहण करना है.लेकिन यह प्रक्रिया समय लेने वाली होने के साथ-साथ बेहद खर्चीली भी मानी जा रही है.

इस घटना के सामने आने के बाद DPR तैयार करने वाले इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रारंभिक स्तर पर भूमि और पहुंच मार्ग का उचित सत्यापन किया गया होता तो परियोजना इस तरह के संकट में नहीं फंसती.

फिलहाल स्थानीय प्रशासन, खेल विभाग और रेलवे अधिकारियों के बीच समाधान तलाशने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि यह मामला सरकारी परियोजनाओं की योजना और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है.

Leave Your Comments