वेव सिटी किसान आंदोलन से जुड़े नेता अनुज चौधरी ने जताई सुरक्षा की चिंता, अज्ञात वाहन सवारों पर डराने का लगाया आरोप
गाजियाबाद। वेव सिटी क्षेत्र में किसानों और मजदूरों के मुद्दों को लेकर सक्रिय किसान नेता अनुज चौधरी ने थाना कविनगर में एक प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 10 जुलाई 2026 को जिम जाते समय कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी गाड़ी का रास्ता रोककर उन्हें डराने का प्रयास किया.
थाना प्रभारी कविनगर को दिए गए प्रार्थना पत्र में अनुज चौधरी ने बताया कि वह ग्राम महरौली के निवासी हैं तथा क्षेत्रीय किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष रहे हैं, जिसका अब भारतीय किसान यूनियन में विलय हो चुका है। उनके अनुसार, 10 जुलाई की सुबह जब वह डायमंड फ्लाईओवर से बागवाली कॉलोनी की ओर मुड़े, तभी बिना नंबर प्लेट वाली एक सफेद कार, जिसके शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी, ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार में बैठे अज्ञात व्यक्तियों ने अपनी गाड़ी को बार-बार आगे-पीछे कर उनका रास्ता अवरुद्ध किया, जिससे वह आगे नहीं बढ़ सके.
अनुज चौधरी का कहना है कि वह वर्तमान में वेव सिटी के किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें आशंका है कि यह घटना उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से की गई और भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है.
उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात व्यक्तियों की पहचान करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस की आधिकारिक जांच और निष्कर्ष अभी सामने आना बाकी है.