नोएडा उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सेक्टर-33 स्थित नोएडा विकास प्राधिकरण की निर्माणाधीन मार्केट का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

घटना थाना फेज-24 क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. मलबा हटाने के लिए मशीनों की मदद ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसके नीचे कोई व्यक्ति फंसा न हो.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि, एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की जांच की जा रही है.
प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. यह पता लगाया जाएगा कि लेंटर गिरने के पीछे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी लापरवाही या किसी अन्य कारण की भूमिका थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.