Ghaziabad Municipal Corporation के नगर आयुक्त Vikramaditya Singh Malik ने मोहन नगर जोनल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में लापरवाही सामने आने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार प्रातः करीब 10 बजे निरीक्षण के दौरान मोहन नगर जोनल प्रभारी सुशील प्रताप सिंह और कर अधीक्षक रामबली पाल अपनी सीट पर मौजूद नहीं मिले। इस पर नगर आयुक्त ने दोनों अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए.

इसके बाद नगर आयुक्त ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां निर्धारित समय तक कार्यालय नहीं खुला था। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कर विभाग में पहुंचे नागरिकों से भी बातचीत की। हाउस टैक्स और यूजर चार्ज जमा कराने आए लोगों ने कई अनियमितताओं की शिकायत की। रिकॉर्ड और फाइलों का रखरखाव भी अव्यवस्थित पाया गया, जिसके बाद संबंधित कर्मचारियों को स्पष्टीकरण जारी किया गया.
मौके पर श्याम पार्क साहिबाबाद निवासी इंद्र मोहन शर्मा की समस्या का तत्काल समाधान कराया गया। नगर आयुक्त के निर्देश पर उन्हें डेथ सर्टिफिकेट उपलब्ध कराया गया तथा हाउस टैक्स में नाम परिवर्तन की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया.
.jpeg)
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और आगंतुकों के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करें। उन्होंने आगंतुकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था, अतिरिक्त बेंच लगाने और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी मौके पर दिए।
निरीक्षण के दौरान रिजन कर निरीक्षक, रेवेन्यू इंस्पेक्टर और लिपिकों को दस्तावेजों एवं फाइलों के व्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए गए। साथ ही अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को सभी जोनल कार्यालयों का साप्ताहिक निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया.

नगर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण के बाद कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था सुधारने, स्क्रैप सामग्री हटाने और स्टोर में भेजने के निर्देश भी जारी किए गए।
मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज और महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद कई आगंतुकों ने समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष जताया.