मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है.शहर के एक अंडरपास में भारी जलभराव होने के कारण एक यात्री बस बीच रास्ते में फंस गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाए गए.

अधिकारियों के अनुसार, अंडरपास में जमा पानी को तेजी से निकाला जा रहा है ताकि बस को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके और यातायात को सामान्य किया जा सके। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और जलभराव वाले मार्गों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान इस तरह की समस्या सामने आती है.उन्होंने स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की मांग की है. फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है.