उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मजार के पास दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद में दबंगों द्वारा एक कारीगर पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है.

जानकारी के अनुसार, कारीगर मजार के पास अपनी दुकान लगाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान कुछ दबंगों ने इसका विरोध करते हुए उससे कहासुनी शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने जलती हुई लकड़ी उठाकर कारीगर पर हमला कर दिया। कारीगर ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी.

पीड़ित का कहना है कि हमला यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने बाद में उसके घर पहुंचकर भी हंगामा किया और मारपीट करने की कोशिश की। घटना से परिवार में दहशत का माहौल है.
सबसे गंभीर आरोप पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लगाए जा रहे हैं। पीड़ित के अनुसार.जब वह शिकायत .दर्ज कराने थाने पहुंचा तो पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उसे ही थाने में बैठा लिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है.

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है. यदि पीड़ित के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. स्थानीय नागरिकों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.