मथुरा में पारिवारिक विवाद ने पकड़ा तूल, देवर-भाभी के बीच हुई हाथापाई
मथुरा शहर के स्टेट बैंक चौराहा स्थित बाग बहादुर पुलिस चौकी के समीप उस समय लोगों की भीड़ जमा हो गई जब एक पारिवारिक विवाद सड़क पर खुलकर सामने आ गया। जानकारी के अनुसार देवर और भाभी के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क पर विवाद बढ़ता देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए बाग बहादुर चौकी ले गई। चौकी में पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी और उन्हें समझा-बुझाकर विवाद समाप्त कराया.

पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक था और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है। किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई, इसलिए आगे की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई.

घटना के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में लोगों की भीड़ लग गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की.