पंजाब के लुधियाना से एक हैरान कर देने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने ज्वेलरी खरीदने के बहाने दुकान में प्रवेश किया और कुछ ही मिनटों में करीब 7 लाख रुपये का गोल्ड सेट लेकर फरार हो गया। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप में पहुंचा। उसने दुकानदार और कर्मचारियों से विभिन्न आभूषण दिखाने को कहा. बातचीत और खरीदारी का माहौल बनाकर उसने कर्मचारियों का ध्यान भटकाया और मौका मिलते ही महंगा गोल्ड सेट लेकर वहां से निकल गया.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में आरोपी की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, लेकिन वारदात इतनी तेजी और चतुराई से अंजाम दी गई कि कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
घटना का पता तब चला जब दुकान के स्टाफ ने जेवरात की जांच की और गोल्ड सेट गायब पाया। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की करतूत सामने आई.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके.
इस घटना ने ज्वेलरी कारोबारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि महंगे आभूषणों की दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है.