उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। काकोरी के दुर्गागंज चौराहे पर रोडवेज बस और पिकअप डाला के बीच हुई जोरदार टक्कर की चपेट में एक स्कूटी सवार आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। हादसे में पिकअप डाला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत भी नाजुक बताई जा रही है.घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए.

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जाम खुलवाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और यातायात को बहाल कराया गया.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.