जेवर के किसानों ने CM योगी से की मुलाकात, बोले- 2017 के बाद बदली कानून व्यवस्था और विकास की तस्वीर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र से आए किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। मुख्यमंत्री आवास पहुंचे 172 किसानों के दल में 20 महिला किसान भी शामिल थीं। किसानों ने क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं, विशेष रूप से जेवर एयरपोर्ट और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया.

संवाद के दौरान किसानों और मुख्यमंत्री के बीच क्षेत्र के विकास, कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों को गति मिली है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और किसानों के बीच बातचीत में कई बार वर्ष 2017 से पहले और बाद के हालात का भी उल्लेख हुआ। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, सुरक्षा और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
किसानों ने विशेष रूप से जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और उससे जुड़े विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिल रहे हैं. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों और ग्रामीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि कृषि. सिंचाई. सड़क. शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है.
बैठक के दौरान किसानों ने क्षेत्र की कुछ स्थानीय समस्याओं और सुझावों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा. जिनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। यह संवाद प्रदेश सरकार और किसानों के बीच बेहतर समन्वय तथा ग्रामीण विकास को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.