मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब भंवरकुआ थाना क्षेत्र के एक ब्रिज पर चलती कार में अचानक आग लग गई. घटना के दौरान कार में सवार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ब्रिज से गुजर रही थी तभी उसमें से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया. धुआं देखकर चालक ने तुरंत वाहन को रोका और बाहर निकल गया। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.

देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन को भारी नुकसान हो चुका था.
घटना के कारण कुछ समय के लिए ब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सामान्य कराया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक पूरी तरह सुरक्षित है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.