हापुड़/गाजियाबाद: धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने का मामला सामने आया है. बुलंदशहर खंड गंगा नहर के अधिशासी अभियंता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक. हापुड़ को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि धौलाना क्षेत्र स्थित नगला उदयरामपुर माइनर को अवैध रूप से भारी डंपरों के आवागमन से क्षतिग्रस्त कर दिया गया. जिससे किसानों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है.

अधिशासी अभियंता द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, देहरा निवासी मोहम्मद रहीश पर माइनर की पटरी और नहर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. सिंचाई विभाग का कहना है कि 2 जुलाई को संबंधित सींचपाल ने थाना धौलाना में लिखित तहरीर दी थी.लेकिन विभाग के अनुसार न तो तहरीर की रसीद दी गई और न ही एफआईआर दर्ज की गई.

विभाग ने यह भी दावा किया है कि उसी रात कथित रूप से आरोपी पक्ष का एक डंपर मौके पर पकड़ा गया था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची.लेकिन विभाग के अनुसार बाद में चालक डंपर सहित वहां से चला गया.
इसके बाद 3 जुलाई को दोबारा तहरीर देने के बावजूद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया गया है. अधिशासी अभियंता ने अपने पत्र में 24 जून 2026 के उत्तर प्रदेश शासन के उस शासनादेश का उल्लेख किया है.जिसमें सिंचाई व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
सिंचाई विभाग ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि थाना धौलाना को तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं. ताकि नहर की मरम्मत जल्द हो सके और किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जा सके.