गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव ने एक मासूम बच्ची की जान ले ली. जानकारी के अनुसार. पल्लवी नाम की बच्ची की घर और आसपास भरे पानी में डूबने से मौत हो गई.इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
बताया जा रहा है कि भारी बारिश के चलते बच्ची के घर के अंदर करीब 3 फीट तक पानी भर गया था.जबकि बाहर सड़क पर इससे भी अधिक जलभराव था। इसी दौरान बच्ची पानी की चपेट में आ गई और डूबने से उसकी मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना ने एक बार फिर शहर में जल निकासी व्यवस्था और मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के समय इलाके में जलभराव की समस्या बनी रहती है.लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने प्रशासन से बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली को मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके.
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.यदि घटना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी या प्रशासन का बयान सामने आता है तो खबर को अपडेट किया जाएगा.