गाजियाबाद: जलभराव में 9 वर्षीय मासूम की मौत, नाले पर अतिक्रमण के आरोप

Date: 2026-07-09
news-banner

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के मोहिनुद्दीनपुर ढबारसी गांव में बारिश के बाद हुए जलभराव ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव निवासी शादाब के 9 वर्षीय पुत्र शाद की पानी से भरी एक प्लॉटिंग में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए बना मुख्य नाला आगे चलकर अतिक्रमण के कारण अवरुद्ध हो गया है। उनका आरोप है कि नाले पर कब्जा होने से बारिश और गंदे पानी की निकासी बंद हो गई, जिससे पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की खाली प्लॉटिंग में भर गया।
बताया जा रहा है कि मासूम शाद रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गड्ढेनुमा प्लॉट में गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नालों से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। उनका आरोप है कि हर वर्ष बरसात में नालों और तालाबों पर अतिक्रमण तथा सफाई के अभाव में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों और जल निकासी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, जलभराव की स्थायी व्यवस्था की जाए और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Leave Your Comments