Ghaziabad Municipal Corporation क्षेत्र में जनगणना के प्रथम चरण के तहत आज से घर-घर जाकर मकान सूचीकरण की कार्यवाही शुरू की जा रही है। इस संबंध में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर आयुक्त Vikramaditya Singh Malik ने चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.

बैठक में जनगणना कार्य को त्रुटिहीन और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार लगभग 5000 प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी नियुक्त कर्मचारी अपने चार्ज अधिकारियों से अनिवार्य रूप से ड्यूटी बैग प्राप्त करें.
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 मई से 20 जून तक यह अभियान चलाया जाएगा। गाजियाबाद नगर निगम सीमा क्षेत्र को कुल 3885 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जहां अलग-अलग प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं.

उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को पूर्व में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है और जिन लोगों की ड्यूटी लगाई गई है, उन्हें समय पर उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्य प्रारंभ करना होगा। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जनगणना अधिनियम की धारा 5 और 11 के तहत एफआईआर दर्ज कराने तक की कार्रवाई की जा सकती है.
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और मकान सूचीकरण के दौरान घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें.

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। वहीं गाजियाबाद नगर निगम की ओर से प्रभारी जनगणना डॉ. अनुज भी मौके पर मौजूद रहे और जनगणना कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई.