गाजियाबाद: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित न्यू शांतिनगर में गुरुवार तड़के एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान मोहित शर्मा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार. 2 जुलाई की सुबह करीब 3:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल मोहित शर्मा को तत्काल एमएमजी अस्पताल पहुंचाया.जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसके कुछ दोस्तों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक.बुधवार रात सभी लोग एक पार्टी में मौजूद थे. जहां कथित रूप से नशे की हालत में गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान मोहित शर्मा पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना में शामिल संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
वेव सिटी की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.