गाजियाबाद में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब महिला कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं का आरोप था कि भाजपा नेता नितिन मित्तल पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लगने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.

जानकारी के अनुसार. कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाना था। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी.कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। इसी दौरान कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यक्रम में हंगामा शुरू कर दिया.
महिलाओं का कहना था कि पार्टी महिला सम्मान और सुरक्षा की बात करती है, लेकिन जब किसी नेता पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगते हैं तो कार्रवाई में देरी क्यों की जाती है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने पार्टी नेतृत्व से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और महिलाओं की शिकायत को उच्च नेतृत्व तक पहुंचाने का आश्वासन दिया.
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साध सकते हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
फिलहाल भाजपा की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है.