Ghaziabad Development Authority द्वारा आयोजित संपत्तियों की नीलामी में प्राधिकरण को लगभग 155.15 करोड़ रुपये की संभावित आय प्राप्त होने का अनुमान है। यह नीलामी 20 मई 2026 को हिन्दी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं के आवासीय, व्यवसायिक, ग्रुप हाउसिंग, नर्सिंग होम और दुकान भूखंडों की बोली लगाई गई.
.jpeg)
प्राधिकरण की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोयल एन्क्लेव योजना के दो ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की नीलामी से सबसे अधिक लगभग 110.26 करोड़ रुपये की बोली प्राप्त हुई। इसके अलावा कौशाम्बी योजना पॉकेट-ए के एक आवासीय भूखंड से 11.46 करोड़ रुपये और वैशाली सेक्टर-03 के एक नर्सिंग होम भूखंड से 12.88 करोड़ रुपये की आय तय हुई.
इंदिरापुरम न्यायखंड-3 योजना के कन्वीनियेंट शॉपिंग भूखंड से लगभग 36 लाख रुपये की बोली लगी, जबकि ज्ञानखंड-3 योजना के छह दुकान भूखंडों से 6.52 करोड़ रुपये प्राप्त होने की संभावना जताई गई है। प्रताप विहार योजना के डिस्पेंसरी भूखंड से 4.09 करोड़ रुपये तथा इन्द्रप्रस्थ योजना पॉकेट-एच के चार व्यवसायिक भूखंडों से 4.83 करोड़ रुपये की बोली प्राप्त हुई.
.jpeg)
इसके अतिरिक्त अम्बेडकर रोड डिस्ट्रिक्ट सेंटर योजना के एक व्यवसायिक भूखंड से 3.86 करोड़ रुपये और संजय नगर सेक्टर-23 योजना की रिक्त भूमि से लगभग 55 लाख रुपये की आय संभावित बताई गई है.
प्राधिकरण के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई। अधिकारियों के अनुसार नीलामी से प्राप्त राशि का उपयोग आगामी विकास परियोजनाओं, सड़क और आधारभूत संरचना निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए किया जाएगा.
.jpeg)
शहरी विकास और रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि इस नीलामी से गाजियाबाद में निवेश गतिविधियों को नई गति मिलेगी और भविष्य में कई नई विकास परियोजनाओं के रास्ते खुल सकते हैं.