मिर्जापुर कलेक्ट्रेट में पकड़ा गया फर्जी इंस्पेक्टर, वर्दी और हुलिए ने खोल दी पोल

Date: 2026-06-18
news-banner

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताने वाला एक युवक लोगों के शक के घेरे में आ गया। युवक पुलिस की वर्दी पहनकर परिसर में घूम रहा था. लेकिन उसके हाव-भाव और पहनावे को देखकर लोगों को उस पर संदेह होने लगा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के बालों की स्टाइल, दाढ़ी, वर्दी पर लगा सिंगल स्टार और उसकी ढीली-ढाली ड्रेस देखकर लोगों को लगा कि वह असली पुलिस अधिकारी नहीं है। इसके बाद कुछ लोगों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी और उसकी पहचान से जुड़े सवाल पूछे.

जब युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया तो मौके पर मौजूद लोगों ने उसका फैक्ट चेक करना शुरू कर दिया। पूछताछ के दौरान उसके दावों में कई विरोधाभास सामने आए, जिससे लोगों का शक यकीन में बदल गया। इसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक ने पुलिस की वर्दी क्यों पहनी थी. वह खुद को इंस्पेक्टर बताकर किस उद्देश्य से कलेक्ट्रेट पहुंचा था और उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है.

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.  जिसमें लोगों को युवक से पूछताछ करते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और युवक से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Leave Your Comments