नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में दिनदहाड़े हुई डेढ़ करोड़ रुपये की लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से जा रहे दो कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए.

बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारी पश्चिम विहार से बड़ी रकम लेकर चांदनी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सराय रोहिल्ला क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। हथियार के बल पर बदमाशों ने कर्मचारियों से नकदी से भरा बैग छीन लिया और तेज रफ्तार बाइक पर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों को कैश ले जाने की जानकारी पहले से थी या नहीं.

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा.