फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने FIFA World Cup 2026 में एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके लिए सिर्फ एक संख्या है। पुर्तगाल के कप्तान ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में दो शानदार गोल दागकर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.
ग्रुप-के के मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया। इस मैच में रोनाल्डो ने दो गोल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के साथ ही 41 वर्षीय रोनाल्डो ने विश्व फुटबॉल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया.

सबसे बड़ा रिकॉर्ड यह रहा कि रोनाल्डो अब FIFA World Cup के छह अलग-अलग संस्करणों (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले किसी भी फुटबॉलर ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की थी.

इसके अलावा रोनाल्डो ने पुर्तगाल के महान खिलाड़ी यूसेबियो (Eusebio) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दो गोलों की मदद से उनके वर्ल्ड कप गोलों की संख्या 10 हो गई और वे पुर्तगाल के लिए FIFA World Cup इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बन गए। यह रिकॉर्ड लगभग 60 वर्षों से कायम था.
रोनाल्डो ने एक और उपलब्धि अपने नाम की। 41 साल की उम्र में गोल कर वे वर्ल्ड कप इतिहास के दूसरे सबसे उम्रदराज गोल स्कोरर बन गए। उनसे आगे केवल कैमरून के दिग्गज रोजर मिला हैं.

मैच के बाद सोशल मीडिया पर #CR7 और #RonaldoWorldRecord ट्रेंड करने लगे. फुटबॉल प्रेमियों ने रोनाल्डो की फिटनेस.समर्पण और लगातार प्रदर्शन की जमकर सराहना की। पुर्तगाल के लिए यह जीत बेहद महत्वपूर्ण रही और टीम ने नॉकआउट दौर की ओर मजबूत कदम बढ़ाया.

क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले ही पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे अधिक गोल और सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं.अब FIFA World Cup 2026 में बने इन नए रिकॉर्ड्स ने उनकी महानता को और मजबूत कर दिया है.