गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में प्रस्तावित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं.मुख्यमंत्री भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के बेटे की सगाई समारोह में शामिल होंगे. उनके साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वीवीआईपी नेताओं के पहुंचने की भी संभावना है.

कार्यक्रम के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 6:45 बजे सीआईएसएफ हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद लगभग पांच मिनट का सड़क मार्ग तय कर ग्रैंड प्लाजा बैंक्वेट हॉल पहुंचेंगे. वहां करीब 15 मिनट रुकने के बाद शाम 7:10 बजे वापस रवाना हो जाएंगे.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिस मार्ग से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरेगा, वहां व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है.सड़क किनारे पड़े कूड़े को हटाया जा रहा है. अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की जा रही है और डिवाइडरों की रंगाई-पुताई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि वीवीआईपी दौरे के समय ही क्षेत्र की साफ-सफाई और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाता है। कई नागरिकों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि.अगर मुख्यमंत्री हर महीने आएं तो पूरा इलाका हमेशा चमकता रहेगा. हालांकि यह नागरिकों की प्रतिक्रिया है. जिसे मौके पर बातचीत के दौरान व्यक्त किया गया.

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.