योग दिवस से पहले कलकत्ता हाईकोर्ट सख्त, PM मोदी के कार्यक्रम के लिए बंद रेड रोड पर वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश

Date: 2026-06-19
news-banner

कोलकाता में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं.इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना के चलते प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्ग रेड रोड को 14 जून से ही बंद कर दिया है। हालांकि सड़क बंद होने से आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर मामला अब अदालत तक पहुंच गया है.

ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रेड रोड को लंबे समय तक बंद रखने पर आपत्ति जताई। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि सड़क बंद होने से दैनिक यातायात प्रभावित हो रहा है और नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

मामले की सुनवाई के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को निर्देश दिया कि सड़क बंद रहने की अवधि में नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि योग दिवस कार्यक्रम संपन्न होते ही रेड रोड को तत्काल आम जनता के लिए खोल दिया जाए.

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कोलकाता का रेड रोड इस बार राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख आयोजनों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद अब प्रशासन पर यह जिम्मेदारी होगी कि सुरक्षा व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा के बीच संतुलन बनाए रखा जाए। इस मामले पर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की भी नजर बनी हुई है.

Leave Your Comments