बिजनौर में आवारा कुत्तों का आतंक: मासूम बच्चे पर हमला, हालत गंभीर
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद के मुग़लुशाह क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है. जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बताया जा रहा है कि बच्चा अपने घर के आसपास खेल रहा था, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया। इसके बाद घायल बच्चे को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.

इस घटना ने एक बार फिर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निकाय से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

