गाजियाबाद जनपद की Dasna नगर पंचायत में आगामी बकरीद पर्व को लेकर तैयारियों की मांग तेज हो गई है। वार्ड संख्या 15 के सभासद वसीम राजा ने नगर पंचायत प्रशासन को पत्र भेजकर त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था और बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष इंतजाम करने की मांग उठाई है.
.jpeg)
सभासद द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बकरीद के दौरान बड़े स्तर पर कुर्बानी होने के कारण सफाई व्यवस्था को लेकर पहले से ठोस तैयारी आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि कुर्बानी के अवशेषों के सुरक्षित निस्तारण के लिए खड्डों की व्यवस्था की जाए तथा सफाई वाहनों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही ब्लीचिंग पाउडर और चूने का पर्याप्त भंडारण रखने पर भी जोर दिया गया है.
पत्र में प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाने की मांग की गई है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गंदगी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के समय सफाई व्यवस्था सुचारु रहना बेहद जरूरी है.
इसके अलावा सभासद वसीम राजा ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लगातार ट्रांसफार्मर फॉल्ट की घटनाओं को देखते हुए बकरीद के दौरान 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि त्योहार से पहले बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी (SDO) के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाए, जिसमें अतिरिक्त लाइनमैन तैनाती और आपातकालीन मरम्मत व्यवस्था पर चर्चा हो सके।
सभासद ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों से तीन दिनों के भीतर अलग-अलग बैठक आयोजित कर सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने की अपील की है.
स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा अब चर्चा का विषय बन चुका है और लोगों की नजरें नगर पंचायत प्रशासन की तैयारियों पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासन त्योहार को देखते हुए विशेष अभियान भी शुरू कर सकता है.