बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली खोया (मावा) बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है.छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 13 क्विंटल मिलावटी खोया बरामद किया. जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है.

अधिकारियों के अनुसार. बरामद मिलावटी खोये को मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया ताकि वह बाजार तक न पहुंच सके. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नकली मावा दिल्ली में सप्लाई किए जाने की तैयारी थी.
खाद्य सुरक्षा विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि फैक्ट्री में मिलावटी खोया किस सामग्री से तैयार किया जा रहा था और इसे किन-किन क्षेत्रों में भेजा जाना था। साथ ही सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों और बढ़ती मांग के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से ही दूध और दूध से बने उत्पाद खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना संबंधित विभाग को दें.
इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.