उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अंतिमा नामक महिला दो दिन पहले अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन वहां जो स्थिति देखने को मिली उसने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए.
बताया जा रहा है कि महिला को डॉक्टर ने CT Scan कराने की सलाह दी थी। इसके लिए उन्हें OPD से स्कैन सेंटर तक ले जाना था, लेकिन अस्पताल में स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं कराया गया। परिजनों ने कई बार अस्पताल कर्मचारियों से स्ट्रेचर की मांग की. लेकिन आरोप है कि उन्हें सहयोग देने के बजाय झिड़क दिया गया.

मजबूरी में महिला के पति योगेंद्र को अपनी घायल पत्नी को गोद में उठाकर अस्पताल के विभिन्न विभागों में ले जाना पड़ा। अस्पताल परिसर में पत्नी को गोद में लेकर भटकते पति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को विश्वस्तरीय बनाने के दावे करती है. लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं.
हालांकि इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
अब देखना होगा कि इस वायरल मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग कोई जांच बैठाता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा.