अयोध्या में श्रद्धालुओं से वसूली का आरोप: सरयू घाट पर कपड़े बदलने के लिए लिए जा रहे ₹10?
अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सरयू नदी के घाटों के पास महिलाओं के लिए बनाए गए अस्थायी कपड़े बदलने के टेंटों में शुल्क वसूले जाने का दावा किया जा रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोप लगाया जा रहा है कि स्नान के बाद कपड़े बदलने वाली महिलाओं से प्रति व्यक्ति ₹10 लिए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्टों में यह भी दावा किया गया है कि घाटों के आसपास बड़ी संख्या में ऐसे टेंट लगाए गए हैं और इनकी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. हालांकि. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोगों का कहना है कि यदि यह शुल्क अधिकृत है तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए. जबकि यदि यह अनधिकृत वसूली है तो प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए.
अयोध्या में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु सरयू स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनसे जुड़े शुल्कों की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि मामले में जांच होती है तो स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.